रीवा में नगर निगम की सख्ती, शिल्पी प्लाज़ा और कॉलेज चौराहा क्षेत्र से हटाए गए ऐड कियोस्क।

नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर शिल्पी प्लाज़ा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक पोल पर लगे ऐड कियोस्क को हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्यवाही सहायक आयुक्त शीतल भलावी के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
नगर निगम शहर में म.प्र. आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 को लागू करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 15 से अधिक इलेक्ट्रिक पोल से ऐड कियोस्क हटाए गए। वहीं, कॉलेज चौराहा क्षेत्र के पास लगे करीब 40 ऐड कियोस्क को भी हटाने की तैयारी की जा रही है।
शिल्पी प्लाज़ा और कॉलेज चौराहा क्षेत्र से हटाए गए ऐड कियोस्क;-
गौरतलब है कि इन ऐड कियोस्क के लिए पूर्व में निविदा प्रक्रिया के माध्यम से अनुबंध किया गया था, जिसकी अवधि जुलाई माह में समाप्त हो चुकी थी। अनुबंध समाप्त होने के बाद नगर निगम ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। लेकिन निर्धारित समय सीमा में ऐड कियोस्क नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया।
इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अतिक्रमण दल मौके पर मौजूद रहे।
