संजय गांधी अस्पताल में बड़ा हादसा: तीसरी मंज़िल से कूदे बुजुर्ग मरीज की मौत भर्ती के अगले ही दिन दर्दनाक घटना, सुरक्षा इंतज़ामों और प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल;

रीवा संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंज़िल से गिरने या कूदने के बाद एक बुजुर्ग मरीज की मौत हो गई। भर्ती के महज़ एक दिन बाद ही हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
शुक्रवार को भर्ती, शनिवार को हादसा,
मृतक की पहचान रीवा जिले के बैकुंठपुर निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता (70 वर्ष) पिता श्रीधर गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से बीमार थे और घर पर उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें शुक्रवार को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की सुबह वह ए-ब्लॉक की तीसरी मंज़िल पर भर्ती थे। इसी दौरान वह बाथरूम जाने के बहाने बाहर निकले और अचानक रेलिंग के पार गिर पड़े। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज़ हादसा था या आत्महत्या का मामला।
गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल उपचार दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
डॉक्टर ने दी पुलिस को सूचना,
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मरीज तीसरी मंज़िल में भर्ती था। घटना की जानकारी सबसे पहले वहां मौजूद गार्ड द्वारा दी गई। इसके बाद मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मीडिया चर्चा करते पूरे मामले की जानकारी दी।
लगातार सवालों के घेरे में अस्पताल,
यह घटना कोई नई नहीं है। संजय गांधी अस्पताल में पहले भी मरीजों के कूदने और गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। लाखों रुपये खर्च कर ऊपरी मंज़िलों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई थी, लेकिन इन सुरक्षा इंतज़ामों के बावजूद ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।
अस्पताल का नाम अक्सर गंदगी, अव्यवस्था, इलाज में लापरवाही और स्टाफ की गैर-जिम्मेदारी के कारण सुर्खियों में रहता है। अब आत्महत्या और गिरने जैसी घटनाओं ने अस्पताल की छवि पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
पुलिस जांच में जुटी,
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।।
