वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने किया विरोध

संभागीय मुख्यालय की नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी वेतन नहीं मिलने से नाराज हैं और रक्षाबंधन के दिन शनिवार को अपना गुस्सा प्रकट करते हुए आंदोलन शुरु कर दिए। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पिछले महीने का वेतन अभी तक नहीं मिला है और रक्षाबंधन जैसे त्योहार के अवसर पर उन्हें आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है, जिससे उनका त्योहार बिगड़ गया है। नगर पालिका कार्यालय के सामने पहुंचकर सफाई कर्मचारी काम पर जाने की बजाय हड़ताल करने लगे। नगर पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और चेतावनी दिया है कि वेतन नहीं मिलेगा तो वह पूरी तरह काम ठप कर देंगे। कर्मचारियों ने कहा कि बिना पैसे के त्योहार कैसे मनाएं। हड़ताल के बाद नगर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। आधा, सैकड़ा से ज्यादा सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। एक दिन पहले संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन ने भी समीक्षा बैठक में शहडोल नगर पालिका के कामकाज की समीक्षा किया जिसमें कई खामियां सामने आई हैं। योजनाओं के क्रियान्वयन में भी हीलाहवाली मिली है जिसको लेकर निर्देश जारी किए गए। शहडोल नगर पालिका में पिछले तीन महीने से आर्थिक तंगी के चलते सफाई कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हुआ। आर्थिक तंगी को ध्यान में रखते हुए। नगरपालिका ने शहर में बकाया राजस्व वसूली शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक सफाई कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हुआ है, इसके चलते अब कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं जिसके चलते कर्मचारी नगर पालिका परिषद में विरोध करने के लिए जमे हुए हैं। नगर पालिका के सीएमओ सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर संपर्क किया गया लेकिन समस्या को लेकर अधिकारी जवाब देने से मुंह चुरा रहे हैं। यदि समस्या का जल्दी समाधान नहीं हुआ तो शहर की बचीकुची सफाई व्यवस्था भी चौपट हो जाएगी।
सफाई कर्मचारियों की फोटो -
