मनोरंजन जगत में दोहरे शोक की लहर : प्रेम सागर और अभिनेत्री प्रिया मराठे का निधन;

मनोरंजन जगत के लिए सोमवार का दिन बेहद दुखद रहा। एक ओर रामानंद सागर जी के सुपुत्र और मशहूर फिल्म व टीवी निर्माता प्रेम सागर जी का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया, वहीं दूसरी ओर मात्र 38 साल की उम्र में अभिनेत्री प्रिया मराठे ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इन दोनों खबरों ने फिल्म और टीवी जगत को गहरे शोक में डाल दिया है।
सुबह करीब 10 बजे प्रेम सागर जी ने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने जब उनकी स्थिति बिगड़ते देखी तो परिवार को उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। घर लौटने के कुछ समय बाद ही उन्होंने प्राण त्याग दिए।
प्रेम सागर जी प्रसिद्ध निर्देशक रामानंद सागर जी के पुत्र थे। उन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। रामानंद सागर ने जब रामायण जैसे ऐतिहासिक धारावाहिक से भारतीय टेलीविजन जगत में अमिट छाप छोड़ी, तो उसके बाद प्रेम सागर जी ने भी सागर आर्ट्स के माध्यम से कई लोकप्रिय शो और फिल्में बनाई। वे फिल्मों और टीवी धारावाहिकों के निर्माण, निर्देशन और सिनेमैटोग्राफी से जुड़े रहे।
प्रेम सागर जी पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के छात्र रहे थे। वे 1968 बैच में शामिल हुए थे और वहाँ फोटोग्राफी व सिनेमैटोग्राफी का गहन अध्ययन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पिता रामानंद सागर के प्रोडक्शन हाउस सागर आर्ट्स से जुड़कर अपना करियर आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कई फिल्मों और धारावाहिकों में बतौर सिनेमैटोग्राफर और निर्देशक काम किया।
उनके निधन पर पूरी इंडस्ट्री शोक में डूब गई। रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता और वर्तमान में सांसद अरुण गोविल ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा—
“रामायण को टीवी सीरियल का स्वरूप देकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जन-जन तक भगवान राम के आदर्श और शिक्षाओं को पहुंचाने वाले स्व. रामानंद सागर जी के सुपुत्र एवं प्रसिद्ध फ़िल्म निर्माता श्री प्रेम सागर जी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवारजनों को यह गहन दुख सहने की शक्ति दें।”
रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा—
“यह बेहद शॉकिंग न्यूज़ है कि हमने रामायण के रामानंद सागर जी के सुपुत्र प्रेम सागर जी को खो दिया है। ओम शांति।”
मनोरंजन जगत को आज एक और बड़ा झटका लगा जब यह खबर आई कि टीवी और मराठी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री प्रिया मराठे का भी निधन हो गया है। वे सिर्फ 38 वर्ष की थीं और लंबे समय से ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं। बीमारी से लड़ते-लड़ते आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रिया मराठे टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री थीं। वे कई धारावाहिकों में अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुकी थीं और मराठी सिनेमा में भी उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई थी। इतनी कम उम्र में उनका जाना पूरी इंडस्ट्री के लिए चौंकाने वाला और पीड़ादायक है।
आज मनोरंजन जगत ने दो ऐसे कलाकार खो दिए जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक ओर प्रेम सागर जी ने पर्दे के पीछे रहकर भारतीय टीवी और फिल्मों को नई दिशा दी, तो दूसरी ओर प्रिया मराठे ने पर्दे पर अपनी प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता।
उनकी स्मृतियाँ और योगदान हमेशा याद रखे जाएंगे। किस्सा टीवी और पूरा मनोरंजन जगत इन महान हस्तियों को शत-शत नमन करता है।
