ताज़ा खबर

रीवा में राजनीतिक घमासान: कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला दहन, भाजपा–कांग्रेस आमने-सामने।

मनीष मिश्रा manishvindhyasatta@gmail.com सितम्बर 01, 2025 11:13 AM   City:रीवा

रीवा शहर की सियासी फिज़ा रविवार को गरमा गई, जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उर्रहट स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला जलाया।

उर्रहट स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला जलाया। -;

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाज़ी करते हुए (राहुल गांधी मुर्दाबाद और माँ का अपमान कांग्रेस की पहचान) जैसे नारे लगाए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी बयानबाज़ी का दौर शुरू हो गया।

मामला बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से जुड़ा है। वहां मंच से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा के इस्तेमाल का वीडियो वायरल हुआ। इसी घटना को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा : राहुल गांधी की यह यात्रा वोटर अधिकार यात्रा नहीं, बल्कि माँ का अपमान करो यात्रा बन गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता बार-बार मातृशक्ति का अपमान कर रहे हैं और राहुल गांधी मौन रहकर इसका समर्थन कर रहे हैं। भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस की राजनीति अब अभद्र भाषा और सामाजिक विभाजन पर आधारित हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराई गई, तो सड़कों पर और उग्र आंदोलन होगा।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा की साजिश करार दिया। रीवा के महापौर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय मिश्रा बाबा ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा – राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को देशभर में मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा बौखला गई है। जनता के असली मुद्दों – बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार – से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ऐसे विवाद खड़े कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि भाजपा का पुतला दहन केवल मीडिया का ध्यान आकर्षित करने और माहौल को बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा का मकसद देश के नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है और यह किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगी।