ताज़ा खबर

संजय गांधी अस्पताल में चौंकाने वाला मामला पर्ची कटाने गया अटेंडर, मरीज हुआ लापता 24 घंटे बाद मर्चुरी में मिली लाश।

मनीष मिश्रा manishvindhyasatta@gmail.com अगस्त 14, 2025 11:31 AM   City:रीवा

विंध्य क्षेत्र के सबसे बड़े संजय गांधी अस्पताल में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चोरहटा थाना क्षेत्र के सच्चा नगर निवासी अरुण कुमार सोंधिया को उनके परिचित संतोष सोनी मंगलवार सुबह इलाज के लिए अस्पताल लाए थे।

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल पहुंचते ही संतोष ने अरुण को गेट के पास बैठाया और ओपीडी में एडमिट पर्ची बनाने चला गया। करीब 15 मिनट बाद लौटने पर अरुण वहां से गायब था। संतोष ने पूरे अस्पताल परिसर में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

बुधवार सुबह जब संतोष फिर अस्पताल आया तो उसे सूचना मिली कि एक अज्ञात शव अस्पताल गेट पर मिला था, जिसे मर्चुरी में रखा गया है। संतोष ने शव की पहचान अरुण के रूप में की।

मृतक के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले अरुण अपनी ससुराल, ग्राम गोदरी (थाना मनगवा) गया था, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर उसे संतोष के साथ रीवा भेजा गया था। लेकिन अस्पताल में पर्ची कटाने की प्रक्रिया के दौरान वह गायब हो गया और अगले दिन मृत मिला।

मृतक के परिजन की फोटो -

डॉ. यत्नेश त्रिपाठी, उपाधीक्षक संजय गांधी अस्पताल ने बताया ,

डॉ. यत्नेश त्रिपाठी की फोटो -उपाधीक्षक संजय गांधी अस्पताल 

एक मरीज ओपीडी के पास गंभीर अवस्था में मिला था, जिसे सुरक्षा गार्ड द्वारा इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उस समय परिजन मौजूद नहीं थे, इसलिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया। आज परिजनों ने पहचान की और पीएम की कार्यवाही की जा रही है।

यह घटना अस्पताल की भर्ती प्रक्रिया और आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। परिजनों का आरोप है कि गंभीर मरीज को तुरंत इमरजेंसी में भर्ती किया जाना चाहिए था, जबकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ऐसे मामलों में सीधे भर्ती किया जाता है, लेकिन परिजनों को प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।