रीवा में महिला ने मोहल्ले की महिलाओं को लाखों का चूना लगाया, लोन दिलाने के नाम पर रकम हड़पकर फरार, अब मकान बेचने की तैयारी।

रीवा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा मोहल्ले की महिलाओं के साथ की गई ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंजू सिंह पति संतोष सिंह नामक महिला ने दर्जनों महिलाओं को विश्वास में लेकर उनके नाम पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और बैंकों से लाखों रुपए का लोन दिलवाया, लेकिन पूरी राशि खुद हड़प ली और लगभग दस माह पूर्व से फरार है। अब यह जानकारी भी सामने आई है कि वह अपनी संपत्तियां बेचने की तैयारी में है, जिससे पीड़ित महिलाएं और अधिक संकट में पड़ गई हैं।
बैंक और समूह एजेंट कर रहे वसूली,
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि मंजू सिंह ने उनके नाम पर लोन तो दिलवाया लेकिन उन्हें एक भी पैसा नहीं दिया। इसके विपरीत अब बैंक और समूह एजेंट उनके घर-घर जाकर वसूली कर रहे हैं। कई परिवारों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। महिलाएं कह रही हैं कि निर्दोष होते हुए भी वे कर्ज चुकाने की मार झेल रही हैं और उनकी जिंदगी कठिनाई में फंस गई है।
मकान बेचने की कोशिश, महिलाओं को आशंका,
इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि मंजू सिंह पति संतोष सिंह के नाम पर दर्ज संपत्तियां खसरा नंबर 138/9/10 और 138/9/18 पर स्थित मकान—को बेचने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को आशंका है कि यदि संपत्ति बिक गई तो उनके लाखों रुपए डूब जाएंगे और उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
थाना पहुँची पीड़ित महिलाएं,
सामूहिक रूप से सिविल लाइन थाना पहुँची पीड़ित महिलाओं ने थाना प्रभारी से शिकायत करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर मंजू सिंह की संपत्तियों पर रोक लगानी चाहिए, ताकि ठगी के शिकार परिवारों का पैसा सुरक्षित रह सके।
पीड़ित महिलाओं के कथन,
हमारे नाम पर लोन लिया गया लेकिन हमें एक भी पैसा नहीं मिला। अब बैंक वाले रोज़ वसूली करने आ रहे हैं। हमारी ज़िंदगी बर्बाद हो गई है। — शांति रजक, पीड़ित महिला
अगर मंजू सिंह मकान बेच देती है तो हमारे लाखों रुपए डूब जाएंगे। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। — सुषमा गुप्ता, पीड़ित महिला
